-सभी परिषदीय विद्यालयों में सफाई कर्मचारी तैनात करने की मांग
-संगठन ने कहा जारी किया जाए शिक्षकों का रुका हुआ वेतन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ गौतमबुद्धनगर के प्रतिनिधि मंडल ने BSA राहुल पंवार से मुलाकात की।शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौापा।
सेवारत शिक्षकों की UPTET परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति देने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारत सरकार जनगणना-2027 के अन्तर्गत शिक्षकों को 20 मई से 20 जून तक कुल 32 दिन ग्रीष्मकालीन अवकाश में काम कराया गया, इसलिए 32 दिन ग्रीष्मकालीन अवकाश के सापेक्ष उपार्जित अवकाश दिए जाएं। मांग की कि चयन वेतनमान आदेश निर्गत होने के बहुत समय उपरान्त भी विसंगतियां दूर नहीं हो पाई हैं, उसे दूर किया जाए।
यह है अन्य मांग
ज्ञापन में मांग की कि चयन वेतनमान एवं प्रोन्नत वेतनमान के अर्ह शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों की पत्रावलियों का ससमय त्रुटि रहित निस्तारण किया जाए। चयन वेतनमान एरियर सत्र 2025-2026 से ऑनलाइन बीते कई माह से अनिस्तारित है, लेखाधिकारी के माध्यम से उन्हें अति शीघ्र निस्तारित कराया जाए। ऐसे शिक्षकों जिनका किसी कारण से एक या दो या उससे अधिक दिन का वेतन अवरुद्ध हुआ है,उन सभी के स्पष्टीकरण लेते हुए वेतन जारी किया जाए। सर्विस बुक में समस्त विसंगतियों को दुरुस्त कराकर चयन वेतनमान एवं लाभ प्रदान कराये जाएं। सत्र 2025-2026 के अवशेष समस्त शिक्षकगणों के अवशेष बोनस, समस्त शिक्षकगणों के अवशेष महंगाई भत्ता सत्र बीत जाने के बाद भी नहीं किया गया है, अतः उक्त भुगतान हेतु लेखा अधिकारी जी को आदेश करने का कष्ट करें। जून 2026 में पुलिस भर्ती परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के रूप में लगे शिक्षकों में से कुछ शिक्षक किसी कारणवश अपनी उपस्थिति परीक्षा केंद्रों पर नहीं दे पाए थे , कृपया उनसे स्पष्टीकरण लेते हुये उनकी वेतन बहाली की जाए। NPS प्रणाली के अन्तर्गत सभी अध्यापकों के वर्तमान सैलरी खाते ही अपडेट कराए जाएं। प्रतिनिधि मंडल में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मेरठ मंडल अध्यक्ष मेघराज भाटी, जिला संरक्षक और पूर्व मांडलिक मंत्री अशोक शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रवीन शर्मा,सतीश पीलवान ब्लॉक अध्यक्ष दनकौर, रामकुमार शर्मा ब्लॉक मंत्री दनकौर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
