द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उमा पब्लिक स्कूल, इकोटेक-11 में सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की 58 टीम हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता में शनिवार को विभिन्न आयु वर्ग की टीमों के बीच मुकाबले हुए। टीम के खिलाडियों ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। जीत के साथ टीमों ने प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल-कौशल, जुझारूपन और खेलभावना का अनुपम परिचय दिया।

पूर्व विधायक ने किया शुभारंभ
शनिवार को अंडर-14 में विस्डम ग्लोबल स्कूल मेरठ, मेरठ पब्लिक स्कूल मेरठ और सेंट जैवियर हाई स्कूल ग्रेटर नोएडा ने अगले चरण में स्थान बनाया। अंडर-17 में प्रियंका मॉडर्न पब्लिक स्कूल धामपुर-बिजनौर, दिल्ली पब्लिक स्कूल मेरठ, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल नोएडा और वनस्थली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 में ब्राइट लैंड पब्लिक स्कूल इटावा, आर्मी पब्लिक स्कूल नोएडा, मेरठ पब्लिक स्कूल मेरठ, बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल उत्तराखंड और सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल धामपुर-बिजनौर ने विजय प्राप्त की। नागदा, मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर ने टॉस कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को सद्भावना, उत्साह और जुनून के साथ खेलने का संदेश दिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी राजकुमारी गुर्जर जी, स्कूल के चेयरमैन विपिन भाटी, सह-संस्थापिका संतरा देवी जी एवं एमडी एडवोकेट सचिन चौधरी उपस्थित थे।



