-प्रथम चरण में अल्फा, बीटा व गामा सेक्टर की मांगी गई रिपोर्ट
-अधिकारियों का दावा रिपोर्ट मिलने के साथ ही शुरू होगी कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर पीजी व गेस्ट हाउस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने लगातार आने वाली शिकायतों को देखते हुए सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को निर्देश जारी किया है। कहा है कि प्रथम चरण में अल्फा, बीटा व गामा सेक्टर के साथ ही 6 प्रतिशत आबादी के भूखंड पर संचालित पीजी, गेस्ट हाउस व अन्य की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए। जिसके आधार पर प्राधिकरण की टीम आगे की कार्रवाई करेगी।
पहले भी जारी हुए हैं नोटिस
प्राधिकरण के नियम के तहत शहर के सेक्टरों में कामर्शियल गतिविधियों का संचालन नहीं हो सकता है लेकिन लगभग हर सेक्टर में पीजी, गेस्ट हाउस व अन्य कामर्शियल गतिविधि का संचालन हो रहा है। इस कारण सेक्टर में रहने वाले लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बीटा एक सेक्टर की आरडब्ल्यूए के साथ ही अन्य लोगों ने भी प्राधिकरण में शिकायत कर सेक्टर में कामर्शियल गतिविधि करने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद प्राधिकरण की टीम ने पीजी व अन्य कामर्शियल गतिविधि करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। ज्ञात हो कि पूर्व में भी लोगों की शिकायत पर प्राधिकरण ने पीजी संचालकों को नोटिस जारी किया था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी। देखना है इस बार प्राधिकरण क्या एक्शन लेता है।
