-सेक्‍टर के लोगों ने पार्क में जाने से बनाई दूरी
– RWA ने की पार्क को दुरुस्‍त कराने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्‍न सेक्‍टरों में हरियाली व लोगों की सुविधा के लिए पार्क बनाए हैं। हॉर्टिकल्चर विभाग की लापरवाही के कारण सेक्‍टर ओमिक्रान-3 के पार्कों की स्थिति बहुत ही खराब हो गई है। पिछले कई माह से पार्कों में घास की कटिंग नहीं हुई है। आलम यह है कि पार्कों में दो से तीन फिट तक की जंगली घास उग आई है। जहां पर जहरीले जीव भी पनप रहे हैं। इस कारण लोगों ने पार्क में जाने से दूरी बना ली है। RWA के पदाधिकारियों का कहना है कि पार्क में घास कटवाने व पानी लगवाने की मांग कई बार की जा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

टेंडर का इंतजार
पार्क के साथ ही सेक्‍टर की ग्रीनरी भी बदहाल हो रही है। पानी न मिलने के कारण सेक्‍टर में जगह-जगह लगाए गए पौधे सूख रहे हैं। सेक्‍टर के RWA अध्‍यक्ष राजा मावी व महासचिव पंकज ठाकुर का कहना है कि लगातार शिकायत का भी कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। यह कह दिया जाता है कि अभी टेंडर नहीं हुआ है, टेंडर होने के बाद काम कराया जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जल्‍द टेंडर नहीं हुआ तो हरियाली को बहुत नुकसान होगा। लोगों ने जल्‍द टेंडर जारी करने की मांग की है। राजा मावी का कहना है कि व्‍यवस्‍था में जल्‍द सुधार नहीं हुआ तो प्राधिकरण के वरिष्‍ठ अधिकारियों से मुलाकात कर समस्‍या को उनके सामने रखा जाएगा।