-बदमाशों ने 24 फरवरी को लुक्‍सर गांव में नितिन की कर दी थी हत्‍या
-पुलिस ने महज 24 घंटे में बदमाशों को किया गिरफ्तार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ईकोटेक प्रथम कोतवाली क्षेत्र के गांव लुक्‍सर में तीन बदमाशों ने 24 फरवरी को दिनदहाड़े गोली मारकर नितिन की हत्‍या कर दी थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीमों का गठन किया था। घटना के महज 24 घंटे के अंदर ही पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गाली लगी है जबकि दो अन्‍य बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है।

पुलिस पर चला दी गोली
घटना के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम को ग्राम पुआरी में लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर घटना में सम्मिलित आरोपी मोनु के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस बल द्वारा तत्काल की गई कार्यवाही में उक्त आरोपी की घेराबंदी की गई, जिसमें आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्यवाही में अभियुक्त गोली लगने के कारण घायल हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।