-भीषण गर्मी में रात भर अंधेरे में रहे लोग
-नाराज लोगों ने एनपीसीएल की टीम को बंधक बनाने की कही बात

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एनपीसीएल कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही डेल्‍टा दो सेक्‍टर के हजारों लोगों को भारी पड़ रही है। एनपीसीएल की लापरवाही का आलम यह है कि तीन दिन बाद भी सेक्‍टर में बिजली की समस्‍या हल नहीं हो सकी है। इस कारण सेक्‍टर के लोगों में एनपीसीएल के प्रति‍ भारी नाराजगी व्‍याप्‍त है। सेक्‍टर के आई व एल ब्‍लाक में रात भर लाइट नहीं रही। भीषण गर्मी में लोग बिना पंखे के रहने को विवश हुए। सुबह सेक्‍टर में पहुंची एनपीसीएल की टीम से सेक्‍टर के लोगों की तीखी बहस हुई। लोगों ने कहा जब तक सेक्‍टर में बिजली की समस्‍या हल नहीं हो जाती है एनपीसीएल के कर्मचारियों को बंधक बनाकर रखेंगे।

नहीं हो रही है सुनवाई
डेल्‍टा दो सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष बॉबी भाटी का कहना है कि सेक्‍टर के एल ब्‍लाक में रात दो बजे से और आई ब्‍लाक में रात 11 बजे से लाइट नहीं आ रही है। सेक्‍टर में बिजली की समस्‍या पिछले तीन दिन से बनी हुई है। लगातार शिकायत करने के बाद भी समस्‍या को हल नहीं किया जा रहा है। लाइट न आने के कारण टंकी तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, फ्रिज बंद होने के कारण उसमें रखा दूध व अन्‍य सामान खराब हो रहा है। बुजुर्ग, बीमार व बच्‍चों को अधिक परेशानी हो रही है। सेक्‍टर के लोगों ने चेतावनी दी है यदि कुछ घंटे में समस्‍या का स्‍थाई समाधान नहीं हुआ तो एनपीसीएल कार्यालय का घेराव किया जाएगा।