-आर्थिक आधार पर आरक्षण का लाभ देने की उठाई मांग
-पैदल मार्च के लिए गांव-गांव में शुरू हुआ संपर्क

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: आरक्षण व्यवस्था और UGC से जुड़े प्रावधानों के विरोध में गौतमबुद्धनगर के सवर्ण समाज ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में हुई प्रेस वार्ता में सवर्ण समाज की कोर कमेटी ने 16 सितंबर को दादरी से सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट तक विशाल पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया। आयोजकों का दावा है कि पैदल मार्च में जिलेभर से हजारों बुजुर्ग, युवा एवं समाज के प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे। 16 सितंबर को सुबह 10 बजे दादरी से बैनर और झंडों के साथ पैदल मार्च शुरू होगा, जो सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। वहां आरक्षण व्यवस्था में सुधार तथा UGC से जुड़े विरोधित प्रावधानों को वापस लेने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह अहिंसक और कानून के दायरे में होगा। प्रस्तावित मार्च के संबंध में जिला प्रशासन एवं पुलिस के संबंधित अधिकारियों को पूर्व सूचना देकर सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग भी की जाएगी।

लड़ाई किसी जाति या धर्म से नहीं
इस अवसर पर पंडित पीताम्बर शर्मा ने कहा कि उनका आंदोलन किसी जाति, धर्म, समुदाय अथवा राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि हम किसी जरूरतमंद और शोषित व्यक्ति को आरक्षण दिए जाने के विरोधी नहीं हैं। हमारी मांग है कि आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और सुधार हो तथा वास्तविक जरूरतमंद को उसकी आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के आधार पर लाभ मिले। क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष रामदेव रावल ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य समाज के किसी वर्ग का अधिकार छीनना नहीं, बल्कि व्यवस्था में मौजूद विसंगतियों पर सवाल उठाना है। उन्होंने दावा किया कि आरक्षण का लाभ कई मामलों में संबंधित वर्गों के आर्थिक रूप से सक्षम लोगों तक सीमित रह जाता है, जबकि वास्तविक गरीब और वंचित व्यक्ति पीछे रह जाता है। पदाधिकारियों ने कहा कि उनका कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस को कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी जाएगी और कानून का पूर्ण पालन किया जाएगा।


साथ ही उन्होंने कहा कि यदि शांतिपूर्ण पैदल मार्च को रोकने का प्रयास किया गया तो आंदोलनकारी हिंसा अथवा टकराव का रास्ता अपनाने के बजाय जहां होंगे, वहीं शांतिपूर्वक गिरफ्तारी देंगे। प्रेस वार्ता में रामदत्त शर्मा, ठाकुर सतपाल बजरंगी, मास्टर परमानंद शर्मा, बीनू राणा, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, मास्टर रामकुमार शर्मा, मास्टर विनीत चौहान, पंडित विक्रम शर्मा, ओमेंद्र शिशोदिया, जयप्रकाश शर्मा, किशन शर्मा सहित सवर्ण समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद थे।