द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बादलपुर पुलिस ने जीटी रोड पर चलती कार से फायरिंग करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, चार तमंचे, 32 जिंदा कारतूस, 127 खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि 15 जून को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रही एक टोयोटा ग्लैंजा कार में सवार लोगों ने जीटी रोड पर फायरिंग की है। सूचना के बाद थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास कच्चे रास्ते से राहुल, नीटू उर्फ कुलदीप और मनोज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो पिस्टल (.32 बोर), चार तमंचे (.315 बोर), 32 जिंदा कारतूस, 19 खोखा कारतूस (.32 बोर), 108 खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा दो तमंचों की नाल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे कार से बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे एक वाहन चालक द्वारा लगातार हॉर्न बजाए जाने पर वे गुस्से में आ गए। चालक को डराने के उद्देश्य से उन्होंने दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे लोगों में भय पैदा करने के लिए हथियारों और कारतूसों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में राहुल निवासी साकीपुर, थाना सूरजपुर, नीटू उर्फ कुलदीप निवासी बड़पुरा, थाना दादरी तथा मनोज उर्फ गुड्डू निवासी बरमदपुर, थाना गुलावटी (बुलंदशहर) शामिल हैं।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नीटू उर्फ कुलदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास, हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।