द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 थाना पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खोड़ा कॉलोनी निवासी रोहित (26), हर्ष कुमार (22) और यसवंत उर्फ यश उर्फ सागर (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक बाइक, झपटमारी और चोरी के तीन मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

सेक्टर 62 के सामने से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को सोमवार को सेक्टर-62 के सामने से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अगस्त को उन्होंने सेक्टर-62 के डी पार्क के पास ई-रिक्शा में जा रहे एक व्यक्ति से गूगल पिक्सल-6ए मोबाइल फोन झपट लिया था। इसके बाद मोबाइल को राह चलते व्यक्ति को चार हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री से मिले रुपये में से दो हजार रुपये आरोपियों के पास बचे थे, जबकि बाकी रकम उन्होंने मौज-मस्ती में खर्च कर दी।

चोरी की बाइक का करते थे इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार, इस घटना के संबंध में सेक्टर-58 थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर निकलते थे और रास्ते में आने-जाने वाले लोगों को अवैध चाकू दिखाकर डराते-धमकाते हुए मोबाइल फोन छीन लेते थे। पुलिस बरामद तीन अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। बरामद बाइक के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेडमी के एक और वीवो के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा हर्ष और यसवंत के पास से एक-एक अवैध चाकू मिला है।

पहले भी जेल जा चुका है हर्ष
आरोपी हर्ष कुमार पहले भी सेक्टर-58 थाने से जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सेक्टर-58 थाने में चोरी, मोबाइल झपटमारी और आर्म्स एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। यसवंत उर्फ यश उर्फ सागर के खिलाफ चार और रोहित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और साथियों की जानकारी जुटा रही है।