द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर आज सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दादरी कट से गाजियाबाद की ओर ग्राम शाहपुर अंडरपास के पास भीलवाड़ा (राजस्थान) से वाराणसी जा रही एक वैगनआर कार सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई।
इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों में से तीन विवेक, राम और ममता की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
राजस्थान के रहने वाले थे तीनो लोग
सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी मृतक भीलवाड़ा, राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को घटनास्थल से हटाकर कब्जे में ले लिया है और ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
