-विभाग ने 206 वाहनों के खिलाफ की कार्रवाई
-ओवरलोड वाहनों पर अंकुश के लिए लगातार जारी रहेगा अभियान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ओवरलोड वाहन चलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है लेकिन वाहन चालकों के द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जाता है। ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है, मई माह में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 206 वाहनों पर जुर्माना लगाया है। जुर्माने से विभाग को 50 लाख 80 हजार रुपए प्राप्‍त हुए हैं। वाहनों को विभिन्‍न कोतवाली में बंद भी करा दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए विभाग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

यहां पर हुई कार्रवाई
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर डॉ उदित नारायण पांडेय ने बताया कि सहायक संभागीय अधिकारी( प्रवर्तन) नन्द कुमार, अभिषेक कनौजिया व यात्रीकर अधिकारियों द्वारा ओवर लोडिंग पर कड़ी कार्यवाही करते हुये मई माह मे ओवरलोड 206 वाहनों पर कार्रवाई की गई। वाहनों का चालान कर सेक्टर 142, जेवर क्षेत्र, नालेज पार्क, बादलपुर, डी पार्क सेक्टर-62 थाने में बंद भी कराया गया। उन्होंने ओवरलोडिंग ट्रकों, मिनी ट्रकों के संचालकों एवं वाहन चालकों को बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक माल लादने से कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। यह न केवल वाहन चालकों और सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा पैदा करता है, बल्कि आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान भी पहुंचाता है। उन्‍होंने वाहन चालकों से अपील की कि ओवरलोडिंग से बचें।