द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बीटा-2 थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों और बंद घरों में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप, वारदात में इस्तेमाल सीएनजी ऑटो रिक्शा और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान हरिशंकर निवासी हमीरपुर और शेरू निवासी उस्मानपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को सेक्टर सिग्मा-1 के सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि हरिशंकर सीएनजी ऑटो रिक्शा से सेक्टरों में सवारियां लाने-ले जाने के दौरान बंद मकानों और निर्माणाधीन इमारतों की रेकी करता था। इसके बाद दोनों आरोपी मौका देखकर वहां से लोहा, स्टील, पीतल और अन्य सामान चोरी करते थे। चोरी का सामान ऑटो में रखकर बेच दिया जाता था।
30 जुलाई को चोरी की घटना को दिया था अंजाम
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 30 जुलाई को सेक्टर-36 स्थित ई-87 की निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे के पाइप चोरी किए थे। इस संबंध में 31 जुलाई को बीटा-2 थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पकड़े जाने के डर से अवैध चाकू भी रखते थे। हरिशंकर के खिलाफ सूरजपुर थाने में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आयुध अधिनियम और चोरी से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है।
