द न्यूज गली, नोएडा : फेस-3 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। इसके अलावा उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो अवैध चाकू भी मिले हैं। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है।

पुलिस ने बताया कि चार सितंबर को बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी वंश पुत्र प्रमोद को सेक्टर-71 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बिजनौर के नगीना स्थित महारथपुर का रहने वाला है और वर्तमान में ममूरा, सेक्टर-66 में रह रहा था।

सुनसान जगहों से चुराते थे वाहन
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर में रेकी कर सुनसान स्थानों पर खड़े मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को ऐसे स्थानों पर छिपाकर रखता था, जहां लोगों की आवाजाही कम रहती थी। इसके बाद राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर वाहनों को सस्ते दाम में बेच देता था। इससे मिलने वाली रकम को वह अपने निजी खर्च और शौक-मौज में खर्च करता था।पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध हथियार भी रखता था। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाकर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार वंश के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी का माल रखने और बेचने, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। थाना फेस-3 और सेक्टर-58 के अलावा थाना फेस-1 में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।