द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दनकौर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल समेत दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद दो मोटरसाइकिल दनकौर थाने में दर्ज चोरी के दो मुकदमों से संबंधित हैं।पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपियों को सुपरटेक अपकंट्री तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान शोभित सिंह (27) निवासी नया गांव, शाहजहांपुर और वर्तमान निवासी कासना तथा रामजी उर्फ कपिल (23) निवासी राजौआ खुर्द, शाहजहांपुर और वर्तमान निवासी कासना के रूप में हुई है।
रैकी के बाद चोरी कर जंगल में छिपाते थे वाहन
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले एनसीआर और आसपास के जिलों में दोपहिया वाहनों की रैकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें जंगल की झाड़ियों में छिपा देते थे। बाद में इन वाहनों को ठिकाने लगाने की तैयारी की जाती थी।पुलिस ने बताया कि बरामद दो मोटरसाइकिल दनकौर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 225/2026 और 226/2026 से संबंधित हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ दनकौर थाने में वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज किए गए हैं।
