-दो वाहन चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
-दिल्ली-एनसीआर में चोरी की घटनाओं को देते थे अंजाम
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा सेक्टर 24 कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों की पहचान अनीकेत उर्फ अंकित और रतन सिंह उर्फ रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के रहने वाले हैं। चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने 12 दो पहिया वाहन बरामद किए हैं। इसमें 10 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी है। दोनों चोर दिल्ली-एनसीआर में रेकी करने के बाद घटना को अंजाम देते थे। जांच में पता चला है कि अनीकेत पर दिल्ली-NCR के विभिन्न थानों में 15 और रतन सिंह पर 7 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
रेकी के बाद चोरी
दोनों चोरों को पुलिस ने मैन्युअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-11 के टी-ब्लॉक से गिरफ्तार किया। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान बदमाशों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। चोरों ने बताया कि वह दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के व्यस्त इलाकों में रेकी करते थे। मौका मिलते ही घर के बाहर या पार्किंग में खड़ी बाइकों का लॉक तोड़कर उन्हें उड़ा ले जाते थे। पकड़े जाने के डर से ये अपने पास हमेशा अवैध चाकू रखते थे। चोरी किए गए वाहनों को छिपाने के लिए नोएडा सेक्टर-54 के जंगल में गोदाम बना रखा था। जैसे ही कोई ग्राहक मिलता वाहनों को कम दामों में बेचकर पैसा आपस में बांट लेते थे। चोरों के पास से बरामद वाहनों में केटीएम (KTM), होंडा शाइन और टीवीएस रेडर सहित अन्य गाड़ियां शामिल हैं।
