-विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
-फूलों से निर्मित ऑपरेशन सिंदूर, मोर, हार्ट शेप की दिखेगी झलक
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में फूलों की दुनियां देखने को तैयार रहिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से निर्मित भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर, हार्ट शेप आदि आकृतियां दिखाई देंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी भरपूर मनोरंजन होगा। खाने के भी स्टाल होंगे। विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर बनकर लगभग तैया हैं। पुष्प प्रदर्शनी में सभी लोगों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
दिखेगी कलाकृति
पुष्प प्रदर्शनी के दौरान सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में रंग-बिरंगे हजारों मौसमी फूलों की सुगंध बिखरेगी। पुष्प प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। इस पुष्प प्रदर्शनी में ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित आकृति बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त फूलों से बनीं राष्ट्रीय पक्षी मोर, हार्ट शेप, शेर आदि आकृतियां भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। प्रदर्शनी में एक लाख से अधिक मौसमी फूल प्रदर्शित किए जाएंगे। पुष्प प्रदर्शनी का थीम फ्लावर कैलेंडुला है। इसे ध्यान में रखते हुए सिटी पार्क के साथ प्रमुख मार्गों के गोलचक्करों, हरित क्षेत्र और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें फूल खिल गए हैं। प्राधिकरण की तरफ से 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज एडॉप्शन पर दिए गए हैं। पुष्प प्रदर्शनी में आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) व रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक की भी झलक देखने को मिलेगी। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावण संरक्षण और कबाड़ के रीयूज का संदेश भी दिया जाएगा।
