-परेशान लोगों ने सोसायटी प्रबंधन व प्राधिकरण से लगाई गुहार
-शनिवार सुबह शुरू हुई पानी की आपूर्ति
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसायटियों में आए दिन कोई न कोई परेशानी सामने आती रहती है, सुपरटेक ईकोविलेज-3 के लोग पिछले लगभग एक सप्ताह से पानी न मिलने से परेशान हैं। लोगों को इतना पानी भी नहीं मिल पा रहा है कि वह अपना दैनिक कार्य निपटा सकें। लोग खरीदकर पानी मंगाने को विवश हो रहे हैं। परेशान लोगों ने सोसायटी प्रबंधन व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि पानी सप्लाई की व्यवस्था में सुधार किया जाए।
शुरू हुई सप्लाई
लोगों की परेशानी व लगातार की जाने वाली मांग के बाद शनिवार को पानी की सप्लाई शुरू हुई। सोसायटी के टैंक को पानी से भरा जा रहा है, बताया गया है टैंक भरने के बाद पानी की नियमित सप्लाई शुरू हो जाएगी। लेकिन सोसायटी के लोगों ने सप्लाई को अपर्याप्त बताया है। लोगों का कहना है कि यदि पानी की सप्लाई में कोई दिक्कत आ रही है तो पानी का टैंकर मंगाकर लोगों की परेशानी को कम किया जाए।
