-थोड़ी सी बारिश फ‍िर जमा हो गया हर जगह पानी
-अपने ही पैर पर कुल्‍हाणी मार रहा है प्राधिकरण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विभाग में लाखों रुपए की सैलरी लेने वाले अधिकारी व कर्मचारी हैं, लेकिन उनके द्वारा शहर व ग्रामीण क्षेत्रों को जलभराव से बचाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। हर बार की बारिश के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के द्वारा क्षेत्र में टीम के मुश्‍तैद होने का दावा किया जाता है। दोबारा बारिश में फ‍िर से वही स्थिति बन जाती है। मंगलवार सुबह हुई बारिश के बाद शहर से लेकर गांवों तक में विभिन्‍न स्‍थानों पर पानी भर गया। कई स्‍थानों पर लोगों के घरों में भी पानी प्रवेश कर गया। इस कारण लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा।

क्‍यों नहीं करते हैं कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने ही पैरों पर कुल्‍हाणी मार रहा है। जिसका प्रमुख कारण है कि पानी भरने के बाद जहां एक तरफ लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है वहीं दूसरी तरफ सड़कें टूट जाती हैं। सड़क को दोबारा बनवाने में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को मोटा पैसा खर्च करना पड़ता है। हाल ही में देखने में आया था कि नोएडा में विभिन्‍न स्‍थानों पर जलभराव के बाद नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्‍ण करुणेश ने कई कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। साथ ही कुछ लोगों की नौकरी पर ही बन आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने लापरवाह कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई क्‍यों नहीं करता है।