-सीईओ ने एक किसान को ऑफिस में दिया लेटर
-अन्य किसानों को डाक से भेजे गए लेटर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में तेजी से हो रहे विभिन्न विकास में सबसे अहम योगदान किसानों का है। जिसका प्रमुख कारण है कि विकास के लिए किसानों ने अपनी जमीन दी है। जिन किसानों की जमीन का अधिग्रहण हुआ है नियम के तहत सभी को 7 प्रतिशत का आबादी भूखंड मिलना है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने किसानों के हित की दिशा में एक महत्वपूर्ण क़दम उठाते हुए सेक्टर 29 के तिरथली गाँव के किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जाने के लिए लेटर जारी कर दिया है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि सभी किसानों को जल्द ही जमीन पर भौतिक कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा।
588 लेटर जारी
यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने किसान वीरेंद्र कुमार को उनका लेटर अपने कार्यालय में प्रदान किया। अधिकारियों ने बताया कि 588 अन्य किसानों के लेटर डाक से भेज दिए गए हैं। इन किसानों ने सेक्टर 29 में अपरेल पार्क के विकास में अहम योगदान दिया था। किसानों को भेजे गए लेटर में यह बता दिया गया है कि किस किसान को 7 प्रतिशत भूखंड में कितनी जमीन मिलेगी। प्राधिकरण द्वारा शीघ्र ही भूखंडों को विकसित करते हुए किसानों को भौतिक कब्जा भी प्रदान दे दिया जाएगा। प्राधिकरण की कार्रवाई से किसानों में खुशी है, जिसका प्रमुख कारण है कि आबादी भूखंड पाने के लिए उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
