द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला सेक्टर-5 में एक युवक को चोर समझकर उसके साथ मारपीट करना पांच लोगों को भारी पड़ गया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
31 अगस्त की रात का है मामला
पुलिस ने बताया कि घटना 31 अगस्त की रात की है। हरौला सेक्टर-5 स्थित किराये के मकान में कुछ लोगों को एक अनजान युवक दिखाई दिया। पूछताछ करने पर युवक घबरा गया। आरोपियों ने उसे चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में परिचितों ने घायल युवक को जिला अस्पताल सेक्टर-39 में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (27) निवासी हरदोई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना फेस-1 पुलिस ने जांच शुरू की और मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर हरौला सेक्टर-5 से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मंडल (30), करण कुमार मंडल (23), सुरेश मंडल (48), रोनक कुमार मंडल (19) और निखिल उर्फ ब्रेवो (22) के रूप में हुई है। सभी वर्तमान में हरौला सेक्टर-5 में किराये पर रह रहे थे। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
