द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव श्याम सिंह भाटी ने सिकंदराबाद के नगर पालिका अध्यक्ष डॉ प्रदीप दीक्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए सूरजपुर कोतवाली में तहरीर दी है। श्‍याम सिंह का कहना है कि प्रदीप दीक्षित द्वारा एक सार्वजनिक सभा में पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस की सांसद सयानी घोष के गला काटने पर एक करोड रुपए प्रदान करने की घोषणा की है। श्‍यााम सिंह का कहना है कि सांसद का गला काटने की घोषणा कर देश की कानून व्यवस्था, शांति व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया है। उनका यह भड़काऊ बयान जानबूझकर देश और प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करने के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ धनराशि देने की घोषणा इस बात को प्रदर्शित करती है कि अध्यक्ष ने बड़े-बड़े घोटाला कर करोड़ों रुपया काला धन इकट्ठा कर रखा है। जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी आवश्यक है। इस मौके पर अधिवक्‍ता सत्येंद्र खारी,अबरार, फिरोज खान व नितिन कपासिया मौजूद थे।