-24 घंटे के अंदर 6 आरोपितों की हुई गिरफ्तारी
-घायल बदमाशों के पास से पुलिस ने बरामद किया 2 तमंचा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: वैदपुरा गांव में दीपक नागर की गोली मारकर हत्‍या करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। घटना के 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए। घायल बदमाश की पहचान हर्ष उर्फ राधे और जगत सिंह के रूप में हुई है। यह दोनों भी वैदपुरा गांव के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तार अन्‍य चार बदमाश की पहचान नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश व मोगली उर्फ पवन के रूप में हुई थी। घटना के मुख्‍य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस को मिली सूचना
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना ईकोटेक 3 पुलिस को गोपनीय माध्यम से सूचना मिली की घटना में शामिल दो बदमाश किसी के इंतजार में थाना क्षेत्रान्तर्गत डी पार्क सर्विस रोड के पास छिपे हुए हैं। तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंची और बदमाशों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। जिसमें आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वह लोग घटना के मुख्‍य आरोपित प्रीत का इंतजार कर रहे थे। प्रीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 5 टीम दबिश दे रही है।