-अंबेडकर भवन सूरजपुर में लगाए गए कैंप का डीएम ने किया निरीक्षण
-बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उठाया मेडिकल कैंप का लाभ
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: श्रमिकों के स्वास्थ्य जांच को लेकर डीएम मेधा रूपम लगातार काम कर रही हैं। उनके द्वारा दिए गए निर्देशों पर जिले में 25 स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। डीएम मेधा रूपम ने अंबेडकर भवन सूरजपुर में लगाए गए कैंप का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कैंप में बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रमिकों ने जांच कराई। इस दौरान श्रमिकों को दवाओं का निशुल्क वितरण भी किया गया। विशेष अभियान के तहत एक मई को जिले में 201 स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप लगाए जाएंगे। यह कैंप समस्त सरकारी व 22 निजी अस्पताल में लगाया जाएगा। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि इसी प्रकार के विस्तृत मेडिकल कैंप आगे भी सभी श्रमिकों के लिए लगाए जाएंगे।

मिलेगी यह सुविधा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी अस्पतालों एवं एनजीओ के सहयोग से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। डीएम ने कहा कि कैंप में आधुनिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिला श्रमिकों के लिए मैमोग्राफी एवं ब्रेस्ट स्कैनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही डेंटल के लिए भी पूर्ण सेटअप उपलब्ध है, जिसमें छोटी-छोटी कैविटी भरने से लेकर आवश्यक उपचार तक की सुविधा तथा एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध रहेगी। आंखों की जांच से लेकर मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन तथा मुफ्त चश्मा वितरण की व्यवस्था भी मेडिकल कैंपों में उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम ने श्रमिक भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि मेडिकल कैंपों में अपने परिवार, बच्चों तथा बुजुर्गों को भी साथ लाकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा संख्या में उठाएं। बच्चों के लिए पीडियाट्रिक सेवाएं भी उपलब्ध हैं, जिसमें उन्हें भी आवश्यकतानुसार चश्मा प्रदान किया जाएगा।
