-सेक्टर की सर्विस रोड कब्जाने को लेकर चल रहा है विवाद
-विधायक ने मामले में प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता की कही बात
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर डेल्टा एक आरडब्ल्यूए का प्रतिनिधिमंडल फेडरेशन के पूर्व महासचिव दीपक कुमार भाटी के नेतृत्व में विधायक तेजपाल नागर से मिला। कावेरी बिल्डर द्वारा सेक्टर की ग्रीन बैल्ट पर कब्जे और ग्लोबल बिजनेस स्क्वेयर द्वारा सेक्टर की सर्विस रोड पर कब्जे की शिकायत की। मांग की कि सेक्टर की ग्रीन बेल्ट व सर्विस रोड को दोनों बिल्डरों से मुक्त कराया जाए। सदस्यों ने चेतावनी दी यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो बोर्ड बैठक वाले दिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव किया जाएगा। विधायक तेजपाल नागर ने लोगों को दोनों समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
बिल्डर ने रुकवाया काम
दीपक भाटी का कहना है कि सेक्टर की स्थापना 1994 में हुई थी ओर उसी समय सेक्टर की ग्रीन बैल्ट बनी थी।
आरडब्ल्यूए के निवेदन पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के आदेश से टेंडर हुआ था,लेकिन बिल्डर ने कार्य रुकवाकर ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा कर लिया है। सेक्टर के बाहर सर्विस रोड का टेंडर हो गया था लेकिन बिजनेस स्क्वेयर बिल्डर के द्वारा सर्विस रोड की जमीन पर कब्जा करने की वजह से सर्विस रोड का कार्य नहीं हो पा रहा है। ज्ञात हो कि मामले में सेक्टर के लोग पूर्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत दर्ज करा चुके हैं। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रमोद भाटी का कहना है कि दोनों विषयों का समाधान प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से पहले नहीं हुआ तो मजबूरीवश आरडब्ल्यूए, फैडरेशन का सहयोग लेकर सेक्टरवासियो के साथ बोर्ड बैठक वाले दिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करेगी। इस अवसर पर दीपक भाटी,प्रमोद भाटी, पंकज नागर,विजय मिश्रा, ठाकुर विजय सिंह उपस्थित थे।
