-विकास मॉडल के बारे में प्राप्त की जानकारी
-सरकार की विभिन्न योजनाओं पर भी की चर्चा
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: विभिन्न देशों के 40 सदस्यीय सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने एनसीजीजी टीम के साथ जनपद गौतमबुद्धनगर का प्रशासनिक भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, कार्यप्रणाली, विकास मॉडल तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी व डिप्टी कलेक्टर डॉ0 पूर्वा शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को जनपद की प्रशासनिक संरचना, शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा डीएम की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि जिला प्रशासन, शासन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। जिला कलेक्टर के दायित्वों में राजस्व प्रशासन का संचालन, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन कार्यों का निष्पादन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख रूप से शामिल है।

विकास योजनाओं की दी जानकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में तीन तहसील सदर, दादरी एवं जेवर तथा तीन विकास खंड बिसरख, दादरी एवं जेवर संचालित हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में छह नगर निकाय भी कार्यरत हैं। प्रशासनिक व्यवस्था में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपाल सहित विभिन्न स्तरों के अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से शासन की योजनाओं एवं नीतियों को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाया जाता है। इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी प्रतिनिधिमंडल को विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम पोषण योजना, जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित राज्य सरकार की शादी अनुदान सहित अन्य योजनाएं शामिल थीं।

