द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा शहर में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
सीईओ ने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे जहां भी कच्चे मार्ग हैं, वहां घास लगाई जाए, ताकि धूल न उड़े। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से दो शिफ्टों में दिन और रात सड़क की सफाई कराई जाए। प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष इंतजाम किए जाएं। उन्होंने एसीईओ, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधकों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जरूरत के मुताबिक एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
डॉ. बलकार सिंह ने निर्धारित कूड़ा संग्रहण केंद्रों से नियमित कूड़ा उठाने और निर्माण स्थलों पर सामग्री ढककर रखने के निर्देश दिए। प्रदूषण नियंत्रण के नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के कार्यालयों और सामुदायिक केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर पंफलेट लगाए जाएंगे। बल्क वेस्ट जनरेटरों के साथ ही स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में एनजीओ के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सीईओ ने ग्रेटर नोएडा में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने और सर्दियों में लकड़ी के अलाव के स्थान पर इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने हॉर्टिकल्चर वेस्ट को जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। कूड़े या बागवानी के कचरे में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सीएक्यूएम के निर्देशों का पालन केवल सर्दियों में नहीं, बल्कि पूरे साल किया जाना चाहिए। नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाने में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल के अलावा महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल समेत सभी वरिष्ठ प्रबंधक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
