द न्यूज गली, नोएडा : फेस-2 कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से लूट के डेढ़ लाख रुपये नकद, चेन का एक टुकड़ा, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एफजेड मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, देर रात गोपनीय सूचना के आधार पर एनएसईजेड गंदा नाला पुस्ता रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। उनकी पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि निवासी मथुरापुर, ग्रेटर नोएडा और नसीम अली उर्फ रियाज निवासी एटा के रूप में हुई है।
चार बदमाशों ने मिलकर की थी लूट
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों अभिषेक कुमार और मनोज उर्फ मल्लाह के साथ मिलकर 30 अक्तूबर की रात नया गांव के पास दो स्कूटी सवारों को तमंचे के बल पर रोककर उनका बैग और गले की चेन लूट ली थी। बैग में करीब 1.75 लाख रुपये थे। इसमें से 25 हजार रुपये खर्च कर दिए गए थे, जबकि बाकी डेढ़ लाख रुपये चारों ने आपस में बांट लिए थे। लूटी गई चेन के भी चार हिस्से कर लिए थे। आदित्य के हिस्से का एक टुकड़ा पुलिस ने बरामद किया है।
चोरी की बाइक से करते थे वारदात
आरोपितों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट की घटनाएं करते थे। वारदात में इस्तेमाल एफजेड मोटरसाइकिल दिल्ली में एक पार्क के पास से चोरी की थी। इसके अलावा चारों ने चोरी की कुछ अन्य मोटरसाइकिल सेक्टर-63 में छिपाकर रखी थीं। इन्हें बेचकर रुपये आपस में बांटने की योजना थी। पुलिस अन्य दो आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आदित्य के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नसीम के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं।
