द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, पांच से छह मोटरसाइकिलों के पार्ट्स तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुलिस्तानपुर अंडरपास के पास से सूर्या उर्फ मोहन, दीपक पाल, लक्की चंदेल, आसिफ और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद हुए।
जंगल में बनाया था ठिकाना
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर एलजी गोलचक्कर के पास जंगल क्षेत्र से 10 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें तथा बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किए गए। इनमें हैंडल, टायर, टंकी, शॉकर, इंजन और चेसिस शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में घूम-घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को अलग-अलग कर उनके पार्ट्स बेच दिए जाते थे। गिरोह का सदस्य आसिफ कबाड़ का काम करता है और चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने में भूमिका निभाता था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं तथा इनके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
