-बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
-बैठक में यातायात जाम व पार्किंग व्यवस्था रहा प्रमुख मुद्दा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुगम, सुरक्षित तथा व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डीएम की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया, व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण, यातायात जाम, पार्किंग व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, बंद स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, बरसात के दौरान जलभराव, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी एवं जनपद के अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने की मांग की।
नियमित चलाएं अभियान
डीएम ने सभी व्यापारिक प्रतिनिधियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाए। जिससे व्यापारियों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जाए। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विकासात्मक एवं जनसुविधा संबंधी सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर डीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
