द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल से लाते थे गांजा
पुलिस ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-8 स्थित नर्सरी गेट के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मौ. मुजफ्फर अंसारी पुत्र जियाबुल अंसारी और टिंकू पुत्र रामबाबू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सेक्टर-9 स्थित जेजे कॉलोनी के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाते थे। संदेह से बचने के लिए पैकेटों को ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रखवाया जाता था। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेटों को एकत्र कर बड़ी बोरियों में रखा जाता था और फिर किराये के ऑटो या ई-रिक्शा के जरिए फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी गांजे की बिक्री कर अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमाते थे।