-लखनऊ में विधायक तेजपाल नागर ने की मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात
-विधायक तेजपाल ने कहा किसानों को कभी भी मिल सकती है बड़ी खुशखबरी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जिले के हजारों किसान दो प्रमुख मांगों को लेकर पिछले कई साल से दर्द झेल रहे हैं। पहला है लंबे समय से जमीनों का मुआवजा न बढ़ना व दूसरा जमीन अधिग्रहण के वर्षों बाद भी किसानों को 6 प्रतिशत का प्‍लाट न मिलना। दोनों मामलों को लेकर विधायक तेजपाल नागर ने प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से लखनऊ में विशेष रूप से मुलाकात की। किसानों की दोनों मांगों को पूरा कराने का एक पत्र भी मुख्‍यमंत्री को सौंपा। मुख्‍यमंत्री ने दोनों मांगों को पूरा करने का आश्‍वासन दिया है। संभावना जताई जा रही है कि सरकार से जल्‍द ही किसानों को बड़ी खुशखबरी मिलेगी।

तय होगी सीमा
मुख्‍यमंत्री को दिए पत्र में विधायक तेजपाल नागर ने कहा है कि जिले में 1997 से किसानों की जमीनों का अधिग्रहण शुरू हो गया था। कई दशक बीत लाने के बाद भी हजारों किसानों को 6 प्रतिशत का प्‍लाट नहीं मिला है। साथ ही किसानों की जमीनों का मुआवजा भी लंबे समय से नहीं बढ़ा है। इस कारण किसान परेशान हैं। धरना-प्रदर्शन के माध्‍यम से उनके द्वारा लगातार अपनी मांग को अधिकारियों के सामने रखा जाता है। साथ ही विधायक ने मुख्‍यमंत्री से मांग की कि किसानों को 6 प्रतिशत प्‍लाट आवंटित करने की सीमा निर्धारित की जाए। तेजपाल नागर ने बताया कि मुख्‍यमंत्री ने किसानों की दोनों मांगों को बहुत ही गंभीरता से सुना और उसे पूरा कराने का आश्‍वासन दिया। विधायक ने कहा कि किसानों के हित में जल्‍द ही प्रदेश सरकार बड़ा निर्णय लेगी।