द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सेंट्रल नोएडा जोन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मंगलवार-बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में आठ थानों की पुलिस ने 42 टीमें गठित कर 42 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने 1,667 वाहनों और 2,315 व्यक्तियों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 212 वाहनों के चालान किए गए, जबकि तीन वाहनों को सीज किया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 914 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस टीमों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की जांच की गई। इसके अलावा बैंक, एटीएम, होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को लगातार पैदल गश्त और प्रभावी पेट्रोलिंग करने, रात में गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। अभियान में फेस-2, फेस-3, सेक्टर-63, बिसरख, बादलपुर, सूरजपुर, इकोटेक-3 और सेक्टर-142 थाना पुलिस शामिल रही। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।