-18 फरवरी से जिले के 60 केंद्रों पर आयोजित होगी बोर्ड परीक्षा
-डीएम मेधा रूपम ने दिया परीक्षा को नकल विहीन संपन्‍न कराने का निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए जिले में 60 केंद्र बनाए गए हैं, केंद्रों पर 42 हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम मेधा रूपन में शिक्षा विभाग व पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन संपन्‍न कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और जहां कहीं भी कमियां हों, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की स्थापना कर 24 घंटे सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहें।

प्रकाश की हो उचित व्‍यवस्‍था
डीएम ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई, परीक्षा कक्ष में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए एवं शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम तथा स्ट्रांग रूम में रखी चार डबल लॉक अलमारियों का खोलना, चाबीयों का रख रखाव नियमानुसार किया जाए, परीक्षा दिवस पर प्रश्न पत्र खोलने से पहले दिनांक वार विषय, पाली आदि को भली भांति देखकर खोलें, किसी भी तरह का विचलन किसी भी दशा न हो, निर्देशों आदेशों का भली भांति अध्ययन कर लें, समय से परीक्षा केंद्र पहुंचकर नकल विहीन, सुचिता के साथ परीक्षा सम्पादित कराएं। पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा अवधि में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में गौतम बुद्ध नगर के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 42917 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी, सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।