-अभी तक माला पहनकर बनते आ रहे थे पदाधिकारी
-सेक्टर में मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन

द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: अल्फा एक सेक्टर में मतदान के माध्यम से rwa का चुनाव कराने के लिए पिछले लंबे समय से लोगों के द्वारा लड़ी जा रही लड़ाई की जीत हुई है। चुनाव अधिकारी ने सेक्टर में rwa का चुनाव कराने के लिए 15 मार्च की तिथि निर्धारित की है। 22 फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन कर सेक्टर के सामुदायिक केंद्र में सूची लगा कर दी गई है। चुनाव की घोषणा होने के बाद सेक्टर के एक पक्ष के लोग खुश हैं वहीं माला पहनकर rwa का पदाधिकारी बनने वालों के माथे पर बल पड़ गया है।15 मार्च को यह तय होगा कि सेक्टर का आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कौन होगा।

सेक्टर में 474 मतदाता
सेक्टर में पिछले लगभग 15 वर्षों से rwa का चुनाव वोट के माध्यम से नहीं हो रहा था। कुछ लोग आपस में ही बैठकर पदाधिकारी का चयन कर लेते थे। सेक्टर के लोग नियम के तहत मतदान के माध्यम से चुनाव कराने के लिए प्रयासरत थे। डिप्टी रजिस्टार ने सेक्टर में चुनाव कराने के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह को नामित किया था। उन्होंने सेक्टर में वोट बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई थी। प्रक्रिया पूरी हो गई, सेक्टर में 474 मतदाता है। उन्होंने सेक्टर में चुनाव कराने के लिए सभी तिथियां घोषित कर दी है। जिसके तहत 22 फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया, 25 फरवरी तक सूची पर आपत्तियां मांगी गई है। 26 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। 15 मार्च को मतदान के माध्यम से चुनाव होगा , उसी दिन शाम लगभग 4 बजे चुनाव परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी। चुनाव तिथि घोषित होने के बाद सेक्टर में चुनाव लड़ने वालों ने अपने-अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है।