द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा में सोमवार शाम सेक्टर 49 थाना क्षेत्र में एक तेज गति से आ रही काली थार ने ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लहूलुहान हालत में पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने बताया कि बरौला गांव निवासी राजेश, अनूप, राकेश और ओमप्रकाश सोमवार शाम ई रिक्शा से जा रहे थे। सेक्टर 49 आरडब्ल्यूए गेट के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही थार कार ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और थार का एक टायर भी टूटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने थार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।
घटना के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। वीडियो में सड़क किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त थार कार और पास में पलटा ई रिक्शा दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में कार का टूटा पहिया और सड़क पर खून के निशान भी नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
