-एयरपोर्ट के लिए कुछ दिन पूर्व ही मिला था एयरोड्रम लाइसेंस
-उद्धाटन के लिए जल्द ही घोषित होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एशिया के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मार्च माह में ही पहली उड़ान की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट का उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उम्मीद है उद्धाटन के लिए प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जल्द ही घोषित होगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने आधिकारिक तौर पर एयरपोर्ट ऑपरेटर को DGCA एरोड्रम लाइसेंस सौंप दिया है। इस लाइसेंस के मिलने के साथ ही जेवर एयरपोर्ट ने ऑपरेशन की दिशा में अपनी सबसे बड़ी बाधा पार कर ली है।

मिलेगा रोजगार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल क्षेत्रफल के लिहाज से एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, बल्कि यह भारत के भविष्य का ग्लोबल एविएशन हब भी बनेगा। एयरपोर्ट न केवल दूसरे एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़भाड़ कम करेगा, बल्कि उत्तर भारत में निवेश और रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा। केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने लाइसेंस सौंपते हुए खुशी जाहिर की और एयरपोर्ट ऑपरेटर के साथ शेष प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करने पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत भारत का उड्डयन क्षेत्र अभूतपूर्व गति से बढ़ रहा है। खास बात है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक MRO (मैंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) सुविधाएं और विशाल एयर कार्गो हब होगा, जो भारत को वैश्विक लॉजिस्टिक मैप पर नई पहचान दिलाएगा।
