-गैंग के सदस्यों ने प्राप्त की है एमबीए व बीबीए की उच्च शिक्षा
-ठगी के बाद गैंग के सदस्य बदल देते थे ठिकाना
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा सेक्टर 113 कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिनके द्वारा विदेशों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की जाती थी। गैंग में 4 महिला व 2 पुरुष हैं।इसमे सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा, खुशी उर्फ खुशबू शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि गैंग के द्वारा अब तक सैकड़ों लोगों के साथ ठगी की जा चुकी है। ठगी करने के बाद जॉब का फर्जी लेटर उन्हें मेल पर भेज दिया जाता था। कुछ लोगों के साथ ठगी करने के बाद ठगों के द्वारा अपना ऑफिस का पता बदल दिया जाता था।

करते थे प्रचार
पुलिस ने सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापेमारी कर गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर लुभावने विज्ञापन देकर बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाता था। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध लगने पर सरीम खान और शोएब खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह लोग M/S RECRUITE SERVICE नाम की फर्जी कंपनी चला रहे थे। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर WE ARE HIRING के पेड विज्ञापन चलाते थे और विदेश में, खास तौर पर क्रूज शिप पर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए लोगों का डेटा इकट्ठा करते थे। पीड़ितों को कॉल कर 30 से 40 हजार रुपये तक की वसूली करते थे। विश्वास जीतने के लिए ईमेल के जरिए फर्जी जॉइनिंग लेटर भेज देते थे। ठगों के पास से 7 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 CPU सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
