-बिहार की रहने वाले दो महिलाएं निभाती थी अहम भूमिका
-गिरफ्तार प्रदीप राणा पर दर्ज हैं फर्जीवाड़े के 15 मुकदमें
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जारजा कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे गैंग को पकड़ा है जिनके द्वारा फर्जी कागजों के आधार पर दूसरों की करोड़ों की जमीन बेच दी जाती थी। गैंग के सदस्यों ने फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से 3 करोड़ 3 लाख रुपए की जमीन बेचकर ठगी की थी। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए प्रदीप राणा पर लगभग 20 मुकदमें दर्ज हैं। जिसमें से लगभग 15 मुकदमें फर्जीवाड़े हैं। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 04 मोबाइल फोन, 04 एटीएम कार्ड एवं 01 स्कार्पियो कार बरामद की है। गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
करोड़ों की जमीन पर नजर
फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने प्रदीप राणा, खुशबू देवी व ज्योत्सना को गिरफ्तार किया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा डाक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि इस गैंग में 15 से 20 लोग हैं। गैंग का लीडर गौरव राणा है, हत्या के एक मामले में वह पूर्व में जेल जा चुका है। आरोपितों की नजर ऐसी जमीनों पर होती थी जिसके मालिक दूर रहते हैं, यहां पर सिर्फ केयर टेकर रहते हैं। गैंग के सदस्य उस जमीन का फर्जी कागज तैयार करा दूसरों को बेच करोड़ों रुपए की ठगी करते थे। गिरफ्तार सभी लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
