-लोगों ने मेंटेनेंस में घोर लापरवाही का लगाया आरोप
-सुरक्षा की लचर व्यवस्था पर भी उठाया सवाल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायबुड्स सोसायटी लगातार विवादों में घिरती जा रही है। सोसायटी में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। सोसायटी के लोगों के द्वारा लगातार मांग करने के बाद भी व्यवस्थाएं सही नहीं हो रही हैं, इससे नाराज लोगों ने शुक्रवार रात में बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नाराज लोगों ने सेक्टर का मुख्य गेट ही बंद कर धरना शुरू कर दिया। लोगों ने बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मांग की कि सोसायटी में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और धरना दे रहे लोगों को समझाया। सोसायटी में व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
राम भरोसे सुरक्षा
सोसायटी के नाराज लोग मुख्य गेट पर ही धरना देने लगे। इस कारण सोसायटी में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। सोसायटी के लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस चार्ज देने के बाद भी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सोसायटी में सुरक्षा जांच बिल्कुल भी नहीं होती है। इस कारण हमेशा खतरा बना रहता है। कहा कि लिफ्ट का रखरखाव सही नहीं है। इस कारण अक्सर लिफ्ट बंद होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने सोसायटी में एसटीपी का संचालन भी नहीं होने का आरोप लगाया। कहा कि कई-कई घंटे तक बिजली की कटौती होती रहती है।
