-पिटाई के दौरान चोट लगने से बेटी की हो गई थी मौत
-हत्‍यारोपी ने पुलिस को बताया दूध लेने गई बेटी हो गई गायब

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर कोतवाली क्षेत्र में एक सौतेले पिता ने बेटी की हत्‍या कर दी। हत्‍या के बाद उसने पूरा ड्रामा रचा और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। कोतवाली पहुंचकर शिकायत दी कि बेटी दूध लेने गई थी और गायब हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। हत्‍यारोपी पिता की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया और सौतेले पिता के खिलाफ हत्‍या का मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।

यह हुई घटना
घटना जेवर कोतवाली क्षेत्र की आर-आर कॉलोनी का है। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र ने कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी 14 साल की बेटी अंजली 20 अप्रैल को दूध लेने गई थी और वापस नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्‍काल मुकदमा दर्ज किया और टीम का गठन कर जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि सुरेंद्र सौतेला पिता था, अंजली के साथ अक्‍सर उसका विवाद होता रहता था। डीसीपी डा0 प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि तफ्तीश के दौरान पता चला कि अंजली का अपने सौतेले पिता सुरेंद्र से अक्सर विवाद होता था। 20 अप्रैल को विवाद इतना बढ़ा कि सुरेंद्र ने अंजली के साथ अधिक मारपीट की। चोट लगने के कारण अंजली की मौत हो गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने शव को यमुना पुस्ता रोड की झाड़ियों में छिपा दिया। थाना जेवर पुलिस ने गहन जांच के बाद जब सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशादेही पर कानीगढ़ी और जेवर खादर के बीच शीशम की झाड़ियों से अंजली का शव बरामद हो गया।