-दनकौर के नवादा गांव में पंचायत ने लिया था फैसला
-पंचायत के फैसले का गांव के लोगों ने किया स्‍वागत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पंचायत के फैसले को ठुकरा कर दनकौर के नवादा गांव में एक परिवार ने लड़के की शादी में डीजे बजवाया था। इस कारण गांव के लोग नाराज हो गए थे। गांव के लोगों ने उस परिवार का सामाजिक बहिष्‍कार कर दिया था। परिवार के घर के सामने ही ढ़ोल बजवाकर कहा गया था कि अब गांव के लोग अपने किसी भी कार्यक्रम में उस परिवार के लोगों को निमंत्रण नहीं देंगे। साथ ही निर्णय लिया था कि उस परिवार के किसी कार्यक्रम में गांव के लोग शामिल भी नहीं होंगे। परिवार के द्वारा माफी मांगने के बाद मंगलवार को पंचायत ने उस परिवार के सामाजिक बहिष्‍कार का फैसला वापस ले लिया। गांव के लोगों ने पंचायत के निर्णय का स्‍वागत किया।

यह लिया था निर्णय
गुर्जर समाज की शादियों में होने वाली फ‍िजूलखर्ची को देखते हुए नवादा गांव में कुछ सप्‍ताह पूर्व पंचायत हुई थी। पंचायत में बड़ी संख्‍या में गांव के लोग शामिल हुए थे। पंचायत ने निर्णय लिया था कि अब शादी में डीजे नहीं बजेगा, सभी लोगों ने पंचायत के इस निर्णय का स्‍वागत किया था। पंचायत द्वारा लिए गए निर्णय के कुछ दिन बाद ही राजीव नागर के बेटे की शादी थी। राजीव नागर ने बेटे की शादी में डीजे बजवाया था, इस कारण नाराज ग्रामीणों ने परिवार का सामाजिक बहिष्‍कार कर दिया था।