-लखनऊ में मुलाकात कर मुख्‍यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
-सोसायटी में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर व गाजियाबाद में 40 मंजिल तक की सोसायटियां हैं। हाल में हुई आग लगने की घटनाओं में देखने में आया है कि फायर विभाग के पास मौजूद उपकरण ऊपर की मंजिल में आग बुझाने में कामयाब नहीं हुए। इस कारण भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने लखनऊ में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात कर मांग की है कि हाई-राइज क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए पहल की जाए। फायर विभाग को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाए।

यह है मांग
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्तमान अग्निशमन व्यवस्थाएं ऊपरी मंजिलों तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं। जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में हाई-राइज अपार्टमेंट्स की संख्या निरंतर बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ नहीं हो पाई है। हाल की घटनाएं एक चेतावनी हैं कि हमें तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे। विधायक ने मांग की कि उच्च क्षमता वाले फायर टेंडर्स एवं हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म (स्काई लिफ्ट्स) की उपलब्धता, जो 30-40 मंजिल तक पहुंच सकें। सभी हाई-राइज भवनों में अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी सिस्टम (स्प्रिंकलर, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर) की नियमित जांच एवं प्रमाणन। फायर सेफ्टी ऑडिट को सख्ती से लागू करना तथा अनुपालन न करने वालों पर कठोर कार्यवाही। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह विषय सीधे तौर पर लाखों नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, अतः इस दिशा में त्वरित एवं दीर्घकालिक नीति बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।