-89.24 लाख रुपए से होगा सड़क का निर्माण
-दादरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार कराए जा रहे विकास कार्य
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक तेजपाल नागर के प्रयास से सड़क निर्माण के साथ ही विकास संबंधी कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। सोमवार को तेजपाल नागर ने दुजाना, सादुल्लापुर, खेड़ी,दादरी बाईपास मार्ग के विशेष मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण कार्य की लंबाई लगभग 0.650 किलोमीटर है, जिस पर 89.24 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। इस सड़क के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी। सड़क का निर्माण शुरू होने पर मौजूद लोगों ने विधायक का आभार जताया।
विकास प्राथमिकता
इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, विद्युत एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव एवं शहरी क्षेत्र तक विकास कार्यों को पहुँचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। लोक निर्माण विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा इस परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर प्रधान महेंद्र सिंह, शालू नागर, एचके शर्मा, सतीश, कुलदीप नागर, सचिन नागर, विजयपाल, मुकदम हरेंद्र नागर, प्रदीप वेद, तरुण नागर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
