-जिले में विभिन्‍न स्‍थानों पर बिल्‍डरों के द्वारा किया जा रहा भूजल दोहन
-प्रतिदिन पीने योग्‍य लाखों लीटर पानी हो रहा बर्बाद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पानी की एक-एक बूंद कीमती है, इसे देखते हुए जल संरक्षण की दिशा में सरकार के द्वारा भी तमाम अभियान चलाए जा रहे हैं। बावजूद जिले में बिल्‍डरों के द्वरा किए जा रहे भूजल दोहन पर रोक नहीं लग पा रही है। जिले में विभिन्‍न स्‍थानों पर बिल्‍डरों के द्वारा प्रोजेक्‍ट निर्माण के दौरान भूजल का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है। पीने योग्‍य शुद्ध पानी को जमीन से निकालकर नालियों में बहाया जा रहा है। लगातार की जा रही शिकायत के बाद भी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई न होने के विरोध में करप्‍शन फ्री इंडिया संगठन ने डीएम कार्यालय पर भूख हड़ताल की घोषणा कर दी है।

11 मई से भूख हड़ताल
करप्‍शन फ्री इंडिया संगठन के सदस्‍यों की बैठक डेल्‍टा दो सेक्‍टर में हुई। बैठक में सदस्‍यों ने भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया। संगठन के सदस्‍य आलोक नागर, दीपक शर्मा व दिनेश नागर ने बताया कि बिल्‍डरों के द्वारा किए जा रहे भूजल दोहन को रोकने के लिए विभिन्‍न विभागों में शिकायत की जा चुकी है लेकिन भूजल का दोहन नहीं रुक रहा है। ऐसे में आने वाले समय में लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। भूजल दोहन को बंद कराने की मांग के समर्थन में 11 मई को सुबह 10 बजे से संगठन के संस्‍थापक प्रवीण भारतीय भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान बड़ी संख्‍या में संगठन के सदस्‍य भी मौजूद होंगे। भूजल दोहन बंद होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।