-2000 स्‍टील प्‍लेट व अन्‍य बर्तन उपयोग के लिए मिलेंगे निशुल्‍क
-विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया बर्तन बैंक का उदघाटन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पर्यावरण के लिए प्‍लास्टिक सबसे बड़ा खतरा है। घरों में आयोजित होने वाले विभिन्‍न मांगलिक कार्यक्रमों में लोगों के द्वारा बर्तन के रूप में थर्माकोल व प्‍लास्टिक का उपयोग अधिक किया जाता है। लोग जागरूक हो और इन बर्तनों से दूरी बनाएं इसके लिए सेक्‍टर P-3 अनंथ प्लेट बैंक की शुरुआत की गई है। बैंक में 2000 स्‍टील की प्‍लेट, ग्‍लास, कटोरी, कप आदि सामान उपलब्‍ध है। कोई भी व्‍यक्ति इसका उपयोग निशुल्‍क कर सकता है। सेक्‍टर में आयोजित हुए कार्यक्रम में विधायक धीरेंद्र सिंह ने बर्तन बैंक का उदघाटन किया। बर्तन बैंक के रूप में अच्‍छा काम करने पर विधायक ने लोगों को बधाई दी।
बर्तन बैंक का लक्ष्‍य सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त अभियान को संबल देना है।

बर्तन बैंक का उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में डिस्पोजेबल एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा स्टील एवं पुनः उपयोग योग्य बर्तनों के उपयोग को बढ़ावा देना है। ताकि स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल समाज का निर्माण किया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेजस्विनी अनंतकुमार मौजूद थीं। इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। P-3 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि अनंथ प्लेट बैंक केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से पर्यावरण बचाने का एक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि यदि समाज छोटे-छोटे बदलाव अपनाए, तो प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अनंत प्लेट बैंक की संचालिका तेजस्विनी अनंतकुमार ने कहा कि संस्था लगातार जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है। अनंथ प्लेट बैंक जैसी पहलें समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।