-स्टेडियम में खिलाडि़यों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
-जल्द ही खिलाडियों को समर्पित होगा स्टेडियम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत से हॉकी स्टेडियम का निर्माण होगा। जहां पर खिलाडि़यों को विश्व स्तरीय आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए विधायक धीरेंद्र सिंह पिछले लंबे समय से प्रयासरत थे। स्टेडियम के लिए बजट पास हो गया है। धीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 37 में स्थित जोनल स्पोट्स कांपलेक्स में होगा। विधायक का कहना है कि स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी, निर्माण कार्य पूरा होते ही स्टेडियम खिलाडियों को समर्पित कर दिया जाएगा।
निखरेगी प्रतिभा
खिलाडियों ने स्टेडियम निर्माण की मांग विधायक धीरेंद्र सिंह ने की थी। विधायक ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा था। प्राधिकरण ने इसे स्वीकार करते हुए बजट का निर्धारण कर दिया है। धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में बहुत सी प्रतिभाएं छिपी हुई हैं, स्टेडियम न होने के कारण वह प्रतिभाएं निखरकर बाहर नहीं आ पा रही थीं। बनने वाले स्टेडियम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। जहां पर क्षेत्र की प्रतिभाओं को अच्छा अवसर मिलेगा।
