द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: हिंदू वीर योद्धा एवं वीर शिरोमणि सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती के अवसर पर 17 मई को ग्रेटर नोएडा में भव्‍य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा का आयोजन अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समरपाल सिंह ने बताया कि शोभायात्रा रविवार सुबह 11 बजे सिटी पार्क से प्रारंभ होकर जीएनाईओटी कॉलेज, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग, युवा एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पदाधिकारियों ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में वीरता, संस्कृति और महान इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। आयोजन के संबंद्ध में ग्रेटर नोएडा प्रेसक्‍लब में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष समरपाल सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव ठाकुर, प्रदेश सचिव अरविंद सिंह, संरक्षक देवेन्द्र भदौरिया, कुंवर दिलीप सिंह, पवन ठाकुर, रोहित सिंह सहित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के अन्‍य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।