-घटना में पुलिस ने दो बालअपचारी को भी लिया हिरासत में
-बदमाशों के पास से तीन तमंचा व एक चाकू बरामद
द न्यूज गली, नोएडा: थाना सेक्टर 63 कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं, साथ ही दो बदमाश बालअपचारी हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाशों की पहचान अमन व संदीप के रूप में हुई। बदमाशों के पास से पुलिस ने तीन तमंचा व एक चाकू बरामद किया है। जांच में पता चला है कि 17 मई को बदमाशों ने पैसों के विवाद में चाकू से हमला कर दीपक की हत्या कर दी थी।
पुलिस पर चलाई गोली
सेक्टर 63 कोतवाली क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में पैसों के विवाद में दीपक की हत्या हो गई थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की तरफ ग्रीन बैल्ट सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दो मोटर साइकिल पर सवार 04 व्यक्ति सामने से आते दिखाई दिये। जिनको पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन वह नहीं रूके और मोटर साइकिल मोडकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस द्वारा शक होने पर उपरोक्त मोटर साइकिल सवारों का पीछा किया गया। जिस कारण अपने आप का घिरता देख बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में दो बदमाश गोली लगने के कारण घायल हो गए।
