द न्यूज गली, नोएडा : थाना साइबर क्राइम पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 85 लाख रुपये की ठगी कराने वाले गिरोह से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भारतीय सिम को ई-सिम के रूप में एक्टिवेट कर कंबोडिया में साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाना नोएडा में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान सामने आया कि वादी को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर 85 लाख रुपये की ठगी की गई थी। विवेचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पता चला कि घटना में इस्तेमाल मोबाइल नंबर एक मोबाइल कंपनी के पीओएस एजेंट द्वारा ई-सिम के रूप में एक्टिवेट किया गया था। बाद में उसी नंबर का उपयोग कंबोडिया से साइबर ठगी करने में किया गया।

हरियाणा का रहने वाला है आरोपी
थाना साइबर क्राइम पुलिस ने 18 मई को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी सूरज पुत्र फूल सिंह को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पानीपत, हरियाणा का निवासी है और उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है। वह दसवीं पास है।

ठगों की बात का ना करें भरोसा
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम, गौतमबुद्धनगर में मामला दर्ज है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्वयं को पुलिस, CBI या ED अधिकारी बताकर पैसे मांगने वाले कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान लिंक, ऐप या स्क्रीन शेयरिंग अनुरोध से बचें और OTP, बैंक डिटेल्स, UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।