द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार के MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने इंडिया एक्‍सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुदीप सरकार सहित अन्‍य अधिकारियों के साथ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की। ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर 2026 को इंडिया एक्स्पो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। ट्रेड शो की व्यापक रूपरेखा, रणनीतिक साझेदारियों, सरकारी समन्वय, विदेशी खरीदार जुटाने, प्रचार-प्रसार तथा विभागीय जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में 27 जून को आयोजित किए जाने वाले UPITS Curtain Raiser एवं International MSME Day कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 को प्रचारित किया जाएगा और यूपी के MSME क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि UPITS 2026 को अब तक का सबसे प्रभावशाली और परिणामोन्मुख व्यापार आयोजन बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे।